Uncategorized

सिमरी में अनुदानित गरमा बीज वितरण से किसानों में उत्साह

मूंग-मक्का सीमित स्टॉक, सब्सिडी दर पर तीन दिन वितरण

सिमरी (बक्सर), 21 अप्रैल। प्रखंड मुख्यालय स्थित शताब्दी किसान भवन सिमरी में गरमा फसलों के अनुदानित बीज वितरण की शुरुआत होते ही किसानों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। प्रखंड कृषि पदाधिकारी आशुतोष कुमार राय ने जानकारी देते हुए बताया कि पूर्व में आवेदन कर चुके किसानों को मूंग, संकर मक्का एवं उड़द के बीज “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि बीज वितरण सीमित स्टॉक के आधार पर किया जा रहा है, इसलिए किसानों को अगले 1 से 2 दिनों के भीतर बीज प्राप्त करने की सलाह दी गई है। विशेष रूप से मूंग और संकर मक्का के बीज का वितरण केवल सोमवार, मंगलवार और बुधवार तक ही किया जाएगा।
बीज दर की जानकारी देते हुए अधिकारियों ने बताया कि संकर मक्का का निर्धारित मूल्य 280 रुपये है, जिसमें 150 रुपये की सब्सिडी दी जा रही है। इस प्रकार किसानों को मक्का बीज मात्र 130 रुपये में उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं मूंग का बीज 8 किलोग्राम के पैक में तथा संकर मक्का 2 किलोग्राम के पैक में दिया जा रहा है।
लक्ष्य के अनुसार सिमरी प्रखंड में मक्का बीज का कुल 20 क्विंटल तथा मूंग का 12.80 क्विंटल वितरण निर्धारित किया गया है। सीमित लक्ष्य को देखते हुए विभाग ने किसानों से समय पर बीज उठाव करने की अपील की है।
प्रखंड कृषि पदाधिकारी के साथ बीएओ रविंद्र सचिन एवं उर्वरक निरीक्षक सह प्रखंड समन्वयक पदाधिकारी अमन अहमद ने भी किसानों से आग्रह किया है कि वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ समय पर किसान भवन पहुंचकर योजना का लाभ उठाएं।
कृषि विभाग की इस पहल से किसानों को कम लागत में गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध हो रहा है, जिससे गरमा फसलों के उत्पादन में वृद्धि की उम्मीद जताई जा रही है। यह योजना न केवल किसानों की आय बढ़ाने में सहायक होगी, बल्कि क्षेत्र में आधुनिक खेती को भी बढ़ावा देगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button