Uncategorized

खाद में मनमानी बर्दाश्त नहीं, सिमरी में विक्रेताओं को चेतावनी

अधिक कीमत पर बिक्री पर लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई तय

बक्सर जिले के सिमरी प्रखंड कृषि कार्यालय परिसर में सोमवार को खाद विक्रेताओं के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कृषि सामान्य उर्वरक निरीक्षक सह प्रखंड कृषि पदाधिकारी अमन अहमद ने की। बैठक में यूरिया एवं अन्य उर्वरकों की बिक्री में हो रही अनियमितताओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक के दौरान अधिकारियों के संज्ञान में आया कि कुछ स्थानों पर किसानों से निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर यूरिया खाद बेचे जाने की शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए अमन अहमद ने सभी खाद विक्रेताओं को स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि भविष्य में अधिक कीमत वसूले जाने की कोई भी शिकायत सत्य पाई गई तो संबंधित दुकानदार के विरुद्ध उर्वरक नियंत्रण आदेश के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि नियमों का उल्लंघन करने पर दुकान का लाइसेंस भी रद्द कर दिया जाएगा।

उन्होंने सभी विक्रेताओं को निर्देश दिया कि प्रतिदिन निर्धारित समय पर खाद की दुकान अनिवार्य रूप से खुली रखें, ताकि किसानों को खाद के लिए भटकना न पड़े। साथ ही स्टॉक और बिक्री से संबंधित सभी रजिस्टर अद्यतन रखने का भी निर्देश दिया गया।

प्रखंड कृषि पदाधिकारी ने कहा कि किसान हित सर्वोपरि है और किसी भी कीमत पर कालाबाजारी या मनमानी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बैठक में उपस्थित विक्रेताओं ने निर्देशों का पालन करने का आश्वासन दिया। प्रशासन ने संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में खाद दुकानों की सघन जांच भी की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button