बक्सर में कबड्डी ट्रायल, उभरती प्रतिभाओं को मिलेगा सुनहरा मौका
एकलव्य खेल केंद्र चयन हेतु 4 अप्रैल को डुमरांव में आयोजन

बक्सर। जिले के उभरते खेल प्रतिभाओं के लिए एक सुनहरा अवसर सामने आया है। खेल विभाग, बिहार सरकार एवं बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना के संयुक्त तत्वावधान में मुख्यमंत्री खेल विकास योजना के अंतर्गत एकलव्य राज्य आवासीय खेल प्रशिक्षण केंद्रों के लिए कबड्डी ट्रायल का आयोजन 04 अप्रैल 2026 को किया जाएगा। यह ट्रायल डुमरांव स्थित सी.पी.एस.एस. +2 उच्च विद्यालय परिसर में सुबह 08:00 बजे से शाम 04:30 बजे तक आयोजित होगा।
इस चयन प्रक्रिया में 12 से 14 वर्ष आयु वर्ग के बालक एवं बालिका खिलाड़ी भाग ले सकते हैं। चयनित खिलाड़ियों को निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण, विशेषज्ञ कोचिंग, खेल सामग्री, पौष्टिक आहार, शैक्षणिक सुविधा, चिकित्सा सुविधा, बीमा एवं मासिक छात्रवृत्ति जैसी महत्वपूर्ण सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।
खेल विभाग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार खिलाड़ियों का चयन निर्धारित मानकों के तहत किया जाएगा। विशेष उपलब्धि रखने वाले खिलाड़ियों को आयु सीमा में दो वर्ष तक की छूट भी दी जाएगी। ट्रायल में भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों को जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो, विद्यालय प्रमाण पत्र एवं खेल प्रमाण पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा।
जिला प्रशासन ने सभी विद्यालयों एवं अभिभावकों से अपील की है कि अधिक से अधिक योग्य खिलाड़ियों को इस ट्रायल में भाग लेने के लिए प्रेरित करें, ताकि जिले की प्रतिभाएं राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।




