Uncategorized

बक्सर में पेट्रोल पंपों पर भीड़, प्रशासन सतर्क

रात तक सामान्य आपूर्ति का भरोसा, पुलिस तैनात

बक्सर, 28 अप्रैल। पेट्रोल पंपों पर बढ़ती भीड़ और आपूर्ति बाधित होने की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। जिला पदाधिकारी श्रीमती साहिला की अध्यक्षता में मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें ईंधन आपूर्ति की स्थिति और व्यवस्था सुधार पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में बताया गया कि बीपीसीएल के 24 में से 10, आईओसीएल के 31 में से 8 तथा एचपीसीएल के 15 में से 2 पेट्रोल पंप फिलहाल बंद हैं। कई स्थानों पर अत्यधिक भीड़ और सीमित स्टॉक के कारण भी पंपों का संचालन प्रभावित हुआ है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जिन पंप संचालकों ने सुरक्षा बल की मांग की, वहां तत्काल पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि वितरण व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
इसी क्रम में अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बक्सर ने इटाढ़ी रोड स्थित पेट्रोल पंप का निरीक्षण कर व्यवस्था को सामान्य करने का प्रयास किया। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और रात तक आपूर्ति सामान्य हो जाएगी।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि घबराकर अनावश्यक भीड़ न लगाएं। पर्याप्त ईंधन उपलब्ध कराने के लिए उच्च स्तर पर प्रयास जारी हैं। बैठक में संबंधित तेल कंपनियों के क्षेत्रीय पदाधिकारी सहित जिले के वरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button