शादी की खुशियों के बीच गंगा में समाई ,, शिवानी मौ*त
ककन छुड़ाने की रस्म बनी काल, परिवार में पसरा मातम

बक्सर जिले के सिमरी अंचल क्षेत्र अंतर्गत तिलक राय हाता थाना क्षेत्र के केशोपुर गांव स्थित गंगा घाट पर एक दर्दनाक हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। ककन छुड़ाने की पारंपरिक रस्म के दौरान गंगा नदी में डूबने से 12 वर्षीय किशोरी शिवानी कुमारी उर्फ दिप्पू की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में चीख-पुकार मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार बड़का राजपुर गांव निवासी अशोक कुमार की पुत्री शिवानी अपने ननिहाल केशोपुर गांव स्थित राम इकबाल राम के घर आई हुई थी। बीते 8 मई 2026 को उसके मामा मुन्ना कुमार राम की शादी संपन्न हुई थी। शादी के बाद शनिवार की शाम लगभग पांच बजे अनुसूचित जाति बस्ती स्थित शिव मंदिर के सामने गंगा घाट पर ककन छुड़ाने की रस्म निभाई जा रही थी। परिवार की महिलाएं और बच्चे उत्साह के साथ कार्यक्रम में शामिल थे।
इसी दौरान शिवानी अन्य बच्चों और महिलाओं के साथ गंगा नदी में स्नान करने लगी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्नान करते समय वह अचानक गहरे पानी में चली गई और देखते ही देखते डूबकर लापता हो गई। कुछ ही पलों में घाट पर खुशी का माहौल मातम में बदल गया। महिलाओं की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण दौड़ पड़े और काफी मशक्कत के बाद किशोरी को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।
घटना की सूचना मिलते ही तिलक राय हाता थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी पूजा कुमारी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बक्सर सदर अस्पताल भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव का अंतिम संस्कार बक्सर के चरित्रवन घाट पर किया गया।
ग्रामीणों ने बताया कि परिवार में अभी एक और मांगलिक कार्यक्रम होना था। शिवानी की बुआ की शादी तय थी, जिसमें 12 मई को तिलक और 15 मई को विवाह होना था। लेकिन इस हृदयविदारक हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं। केशोपुर और बड़का राजपुर गांव में शोक और मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।




