Uncategorized

सहयोग शिविर में सुनी गईं जन समस्याएं, त्वरित समाधान निर्देश

राजापुर कला, नियाज़ीपुर खुर्द और ढकाईच पंचायत में हुआ आयोजन

सिमरी (बक्सर), मंगलवार।
बक्सर जिले के सिमरी प्रखंड क्षेत्र की राजापुर कला, नियाज़ीपुर खुर्द एवं ढकाई पंचायतों में मंगलवार को “सबका सम्मान, जीवन आसान” सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। प्रशासन द्वारा लगाए गए अलग-अलग विभागीय काउंटरों के माध्यम से लोगों की शिकायतों और आवेदनों का निष्पादन किया गया तथा संबंधित मामलों के त्वरित समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की गई।
शिविर के दौरान राजापुर कला पंचायत में मुखिया प्रतिनिधि राजेश कुमार यादव एवं अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में अधिकारियों ने आमजनों की समस्याएं सुनीं। वहीं नियाज़ीपुर खुर्द पंचायत में भी बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और अपनी समस्याओं से प्रशासन को अवगत कराया। ढकाई पंचायत में आयोजित शिविर में भी विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए उनके आवेदन स्वीकार किए।
प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रशांत कुमार ने बताया कि बिहार सरकार के सात निश्चय कार्यक्रम के अंतर्गत जन समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से 18 अप्रैल 2026 से प्रत्येक वर्ष के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को सभी पंचायतों में सहयोग शिविर आयोजित किए जाने का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि सहयोग पोर्टल पर परिवार आधारित आवेदन दर्ज किए जा सकते हैं तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर उनका निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश प्राप्त हैं।
शिविर के दौरान उपस्थित अधिकारियों ने प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए संबंधित कर्मियों को शीघ्र कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के कर्मचारी, पंचायत प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
अनुमंडल पदाधिकारी राकेश कुमार ने कहा कि, “सरकार की मंशा है कि आम लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े। सहयोग शिविर के माध्यम से प्रशासन स्वयं पंचायत स्तर पर पहुंचकर लोगों की शिकायतें सुन रहा है। प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है, ताकि जनता को पारदर्शी एवं प्रभावी प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध हो सकें।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button