Uncategorized

निर्माणाधीन बक्सर-इटाढ़ी आरओबी का डीएम ने किया निरीक्षण

लापरवाही पर होगा एफआईआर, वैकल्पिक यातायात व्यवस्था के निर्देश

बक्सर। निर्माणाधीन बक्सर-इटाढ़ी रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) से संबंधित सूचना मिलने के बाद जिला पदाधिकारी ने शनिवार को बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड के कार्यपालक अभियंता तथा रेलवे अधिकारियों के साथ स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जिला पदाधिकारी ने कार्यपालक अभियंता को पुल के सभी तकनीकी अवयवों की तत्काल जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही सुरक्षा की दृष्टि से पुल पर किसी भी प्रकार की यातायात गतिविधि को अगले आदेश तक पूर्णतः प्रतिबंधित रखने को कहा गया है।
मीडिया में पुल के उद्घाटन को लेकर प्रसारित हो रही खबरों के संबंध में बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड के कार्यपालक अभियंता ने स्पष्ट किया कि बक्सर-इटाढ़ी आरओबी का अभी उद्घाटन नहीं हुआ है और पुल का निर्माण कार्य जारी है। उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य में संवेदक द्वारा बरती गई लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए संबंधित थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए जिला पदाधिकारी ने अनुमंडल पदाधिकारी को वैकल्पिक मार्ग एवं आवश्यक व्यवस्था के माध्यम से यातायात को शीघ्र सुचारु करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन की ओर से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि लोगों की आवाजाही प्रभावित न हो और सुरक्षित विकल्प उपलब्ध कराया जाए।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आमजनों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन द्वारा पूरे मामले की लगातार निगरानी की जा रही है और आवश्यकतानुसार आगे भी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button