Uncategorized

बक्सर में चला अभियान, चार बाल श्रमिकों को कराया मुक्त

डुमरांव और राजपुर में संयुक्त कार्रवाई, दोषी नियोजकों पर होगी प्राथमिकी

बक्सर। जिले में बाल श्रम उन्मूलन को लेकर श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। जिला पदाधिकारी के निर्देश पर बुधवार को विशेष धावादल की कार्रवाई के दौरान डुमरांव एवं राजपुर प्रखंड से कुल चार बाल श्रमिकों को मुक्त कराया गया।

श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग के तत्वावधान में गठित धावादल में श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी केसठ, चक्की, चौगाई, राजपुर, चौसा एवं इटाढ़ी शामिल रहे। अभियान के दौरान डुमरांव एवं धनसोई थाना की पुलिस टीम ने भी सक्रिय सहयोग किया। इसके अलावा स्वर्गीय कन्हाई शुक्ला सेवा संस्थान के सदस्यों की भी महत्वपूर्ण भागीदारी रही।

संयुक्त टीम द्वारा विभिन्न प्रतिष्ठानों एवं संभावित स्थलों पर जांच अभियान चलाया गया, जिसमें चार बाल श्रमिकों की पहचान कर उन्हें श्रम से मुक्त कराया गया। सभी विमुक्त बाल श्रमिकों को आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद जिला बाल कल्याण समिति के सुपुर्द कर दिया गया, ताकि उनके संरक्षण, शिक्षा और पुनर्वास की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

प्रशासन की ओर से बताया गया कि बाल श्रमिकों को नियोजित करने वाले दोषी नियोक्ताओं के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। साथ ही विमुक्त बच्चों के पुनर्वास एवं उनके भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए विभागीय स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बाल श्रम के खिलाफ जिले में इस प्रकार के अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे। प्रशासन का उद्देश्य बच्चों को श्रम से मुक्त कर उन्हें शिक्षा और बेहतर भविष्य की मुख्यधारा से जोड़ना है।

श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग ने आम लोगों से भी अपील की है कि कहीं भी बाल श्रम की सूचना मिलने पर तत्काल प्रशासन को अवगत कराएं, ताकि समय पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button