Uncategorized

तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से दो युवक गंभीर घायल

पड़री पानी टंकी मोड़ पर हादसा, प्राथमिक उपचार के बाद बक्सर रेफर

सिमरी (बक्सर)। सिमरी थाना क्षेत्र के आशा पड़री-सिमरी मुख्य मार्ग स्थित पानी टंकी के समीप टर्निंग मोड़ पर मंगलवार की शाम तकरीबन 7:00 बजे हुए सड़क हादसे में दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही सिमरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिमरी पहुंचाया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गायघाट गांव निवासी दीपक कुमार अपने गांव लौटने के दौरान पानी टंकी के पास स्थित एक दुकान से आवश्यक सामान खरीदकर पैदल जा रहे थे। इसी दौरान पड़री की ओर से तेज रफ्तार में आ रही मोटरसाइकिल टर्निंग मोड़ के पास अनियंत्रित होकर फिसल गई और पैदल जा रहे दीपक कुमार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चालक भी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायलों की पहचान सहीयार गांव निवासी 35 वर्षीय गौतम श्रीवास्तव, पिता स्वर्गीय मदन श्रीवास्तव तथा गायघाट गांव निवासी 30 वर्षीय दीपक कुमार, पिता विराज राम के रूप में की गई है।

स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिमरी में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल बक्सर रेफर कर दिया।

पुलिस मामले की जांच में जुटी है। हादसे के बाद कुछ देर तक घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुटी रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button