पीएम सूर्य घर योजना से बक्सर के 4129 परिवार होंगे लाभान्वित
मुफ्त सौर संयंत्र से गरीब परिवारों को मिलेगी सस्ती और स्वच्छ बिजली

बक्सर। नई सरकार के गठन के 60 दिन पूर्ण होने के अवसर पर ऊर्जा विभाग द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत बिहार में बड़े स्तर पर सौर ऊर्जा विस्तार की शुरुआत की गई। विद्युत भवन, पटना से आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 1512 करोड़ रुपये की लागत से 2.5 लाख कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं के घरों की छतों पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने के कार्य का शुभारंभ किया। साथ ही ऊर्जा क्षेत्र की 1278 करोड़ रुपये की विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण एवं कार्यारंभ भी किया गया।
बक्सर जिले में आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कार्यक्रम में राजपुर विधायक संतोष कुमार निराला, बक्सर सदर विधायक आनंद मिश्रा, जिला पदाधिकारी साहिला, उप विकास आयुक्त निहारिका छवि, विशेष कार्य पदाधिकारी, वरीय उप समाहर्ता, विद्युत कार्यपालक अभियंता, अनुमंडल पदाधिकारी सदर सहित विद्युत विभाग के सभी सहायक एवं कनीय अभियंता उपस्थित रहे।
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं बीपीएल परिवारों को स्वच्छ, सस्ती और सतत ऊर्जा उपलब्ध कराना है। योजना के तहत पात्र कुटीर ज्योति एवं बीपीएल उपभोक्ताओं के घरों की छतों पर सरकार द्वारा पूरी तरह मुफ्त 1.1 किलोवाट क्षमता का सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किया जाएगा। इससे उपभोक्ताओं के बिजली खर्च में कमी आएगी तथा नवीकरणीय ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा मिलेगा।
ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में इस योजना को एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ कार्बन उत्सर्जन में भी कमी आएगी। राज्य सरकार एवं ऊर्जा विभाग द्वारा अधिक से अधिक पात्र परिवारों तक योजना का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
प्रथम चरण में पूरे बिहार के 2.5 लाख बीपीएल उपभोक्ताओं को लाभान्वित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वहीं बक्सर जिले में 4129 बीपीएल एवं कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं के घरों पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने का लक्ष्य तय किया गया है, जिसे 30 नवंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।




