Uncategorized

सहयोग शिविर से ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान को मिली गति

सिमरी में अधिकारियों ने किया शुभारंभ, योजनाओं से वंचित परिवारों से शिविर पहुंचने की अपील

सिमरी (बक्सर), 16 जून 2026। बक्सर जिले के सिमरी प्रखंड अंतर्गत दुल्लहपुर काजीपुर कट्ठार सहियार पंचायत में मंगलवार को आयोजित “सहयोग शिविर” का शुभारंभ जिला पंचायती राज पदाधिकारी (डीपीआरओ) सचिन कुमार, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा निखिल कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रशांत कुमार, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रशांत कुमार ने बताया कि सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में आमजनों की समस्याओं का त्वरित निष्पादन, सरकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन तथा जनता और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
उन्होंने बताया कि शिविर के माध्यम से राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, जन वितरण प्रणाली, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, भूमि विवाद, पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित शिकायतों और समस्याओं का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।
शिविर के दौरान पूर्व में प्राप्त एवं निष्पादित आवेदनों से संबंधित स्वीकृति पत्र भी लाभुकों के बीच वितरित किए गए। अधिकारियों ने लाभुकों को योजनाओं की जानकारी देते हुए समय पर आवेदन करने और सरकारी सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
प्रखंड विकास पदाधिकारी ने बताया कि यदि किसी कारणवश कोई परिवार अब तक सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित रह गया है तो ऐसे लोगों की सुविधा के लिए 17 एवं 18 जून को प्रखंड सभागार भवन में भी सहयोग शिविर का आयोजन किया गया है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि वे शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याओं और विकास योजनाओं से जुड़े मामलों को अधिकारियों के समक्ष रखें, ताकि उनका त्वरित समाधान किया जा सके।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button