मुहर्रम को लेकर प्रशासन सतर्क, सुरक्षा व्यवस्था हुई चाक-चौबंद
128 दंडाधिकारी और 31 गश्ती दलों की हुई तैनाती

बक्सर। मुहर्रम-2026 के दौरान जिले में साम्प्रदायिक सौहार्द एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। मंगलवार को नगर भवन बक्सर में जिला पदाधिकारी साहिला एवं पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने संयुक्त रूप से अधिकारियों की बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
बैठक में संवेदनशील स्थलों की पहचान कर निरोधात्मक एवं सुरक्षात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। ताजिया जुलूसों के लिए अनुज्ञप्ति, रूट सत्यापन, वीडियोग्राफी तथा एंटी सबोटाज जांच समय पर पूरी कराने की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों को सौंपी गई है।
स्वास्थ्य विभाग को सभी अस्पतालों में 24 घंटे चिकित्सक, दवाइयां, ऑक्सीजन, एम्बुलेंस एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रखने का निर्देश दिया गया है। वहीं नगर निकाय को अखाड़ा स्थलों और सड़कों की साफ-सफाई, पेयजल तथा स्ट्रीट लाइट की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखने के लिए साइबर टीम को सक्रिय किया गया है, जबकि आकस्मिक स्थिति से निपटने हेतु क्यूआरटी टीम का भी गठन किया गया है।
मुहर्रम के अवसर पर विधि-व्यवस्था संधारण के लिए जिले में 128 स्टैटिक दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल, 31 गश्ती दल, 106 ताजिया जुलूसों के साथ सुरक्षा बल तथा दो जोनल दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
जिला प्रशासन ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जिले में शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने का निर्देश दिया है।






