मुक्त कारागार बक्सर में धन्वन्तरी उद्यान खुला, सुविधाओं के विस्तार के निर्देश
जिला पदाधिकारी साहिला ने किया निरीक्षण, पुस्तकालय सुदृढ़ीकरण और आरओ वाटर एटीएम स्थापित करने के दिए निर्देश।

बक्सर, 1 अगस्त। जिला प्रशासन बंदियों के पुनर्वास और बेहतर जीवन-परिवेश को लेकर लगातार गंभीर पहल कर रहा है। इसी क्रम में शनिवार को जिला पदाधिकारी बक्सर श्रीमती साहिला ने मुक्त कारागार बक्सर का विस्तृत निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया तथा आवश्यक सुधार संबंधी कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक बक्सर, वृत्ताधीक्षक (केंद्रीय कारा) सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। जिला पदाधिकारी ने मुक्त कारागार में संसीमित बंदियों के आवास, सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, प्रबंधन और उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को बंदियों के लिए बेहतर एवं मानवीय वातावरण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने मुक्त कारागार परिसर में विकसित धन्वन्तरी उद्यान (औषधीय वाटिका) का उद्घाटन भी किया। उन्होंने कहा कि औषधीय पौधों का संरक्षण और उपयोग स्वास्थ्य के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने कारागार के पुस्तकालय को और समृद्ध बनाने का निर्देश दिया, ताकि बंदियों को अध्ययन एवं आत्मविकास के बेहतर अवसर उपलब्ध हो सकें। इसके साथ ही परिसर में स्वच्छ पेयजल की सतत उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए आरओ आधारित वाटर एटीएम स्थापित करने का भी निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।
जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि मुक्त कारागार में उपलब्ध सभी सुविधाओं का नियमित मूल्यांकन किया जाए तथा बंदियों के पुनर्वास, स्वास्थ्य और जीवन स्तर में सुधार के लिए आवश्यक कदम प्राथमिकता के आधार पर उठाए जाएं। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जिला पदाधिकारी को कारागार की व्यवस्थाओं से भी अवगत कराया।





