गंगा स्नान के दौरान अधेड़ डूबा, देर शाम तक नहीं मिला शव
एस,डीआर,एफ और गोताखोरों ने चलाया तलाश अभियान

बक्सर जिले के सिमरी अंचल क्षेत्र स्थित केशोपुर हनुमान घाट पर रविवार की सुबह गंगा स्नान के दौरान एक अधेड़ व्यक्ति के डूबकर लापता हो जाने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और एसडीआरएफ टीम तथा स्थानीय गोताखोरों की मदद से पूरे दिन गंगा नदी में तलाश अभियान चलाया गया। हालांकि देर शाम तक लापता व्यक्ति का कोई सुराग नहीं मिल सका।
प्रत्यक्षदर्शी अल्ला तुरहा, सोनू तुरहा एवं अन्य ग्रामीणों ने बताया कि रविवार सुबह करीब 9:30 बजे वे लोग गंगा स्नान कर रहे थे। उसी दौरान एक अधेड़ व्यक्ति गंगा में स्नान के लिए उतरा। नदी में जलस्तर अधिक होने और तेज बहाव के कारण वह अचानक गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते लापता हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
घटना की सूचना तत्काल केशोपुर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि छोटू मिश्रा तथा सिमरी ग्राम पंचायत के मुखिया प्रमोद कुमार पांडे को दी गई। इसके बाद मुखिया प्रतिनिधि ने अंचलाधिकारी भगवती शंकर पांडे और हाता थाना पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और एसडीआरएफ टीम को बुलाकर स्थानीय गोताखोरों के साथ संयुक्त रूप से खोज अभियान शुरू कराया।
लापता व्यक्ति की पहचान केशोपुर निवासी पूर्णमासी माली (55 वर्ष) के रूप में हुई है। उनके पुत्र राजेश कुमार माली ने बताया कि उनके पिता सुबह हनुमान घाट पर गंगा स्नान करने गए थे। कुछ देर बाद उनके डूबने की सूचना मिली, जिसके बाद पूरा परिवार घाट पर पहुंच गया। घटना की खबर फैलते ही गंगा तट पर सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त हो गया।
अंचलाधिकारी भगवती शंकर पांडे ने बताया कि एसडीआरएफ और गोताखोरों की सहायता से देर शाम तक लगातार तलाश अभियान चलाया गया, लेकिन लापता व्यक्ति का पता नहीं चल सका। सोमवार को भी खोज अभियान जारी रहेगा। घटना के बाद सिमरी क्षेत्र के रामोपट्टी गांव एवं आसपास के इलाकों में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है,।




