आल न्यूजबक्सरबिहार

डीएम साहिला ने आवासीय विद्यालय का किया निरीक्षण, सुविधाओं पर दिए सख्त निर्देश

भोजन, शिक्षा, स्वास्थ्य, लाइब्रेरी और आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर

बक्सर। जिला पदाधिकारी श्रीमती साहिला ने शनिवार को रामपुर स्थित डॉ. अंबेडकर आवासीय विद्यालय का निरीक्षण कर वहां छात्रों को मिल रही शैक्षणिक, आवासीय, स्वास्थ्य एवं अन्य सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं में सुधार और छात्रों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिला पदाधिकारी ने जिला कल्याण पदाधिकारी को निर्देश दिया कि छात्रों को निर्धारित मेन्यू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाए। साथ ही, नियमानुसार छात्रों को मिलने वाली सभी सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने को कहा गया।

कक्षा 11वीं और 12वीं के छात्रों की पढ़ाई को ध्यान में रखते हुए संध्या समय के बाद भी लाइब्रेरी खुली रखने का निर्देश दिया गया। डीएम ने लाइब्रेरी में छात्रों की जरूरत के अनुरूप पर्याप्त एवं उपयोगी पुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

विद्यालय की आधारभूत संरचना का निरीक्षण करते हुए सहायक अभियंता, बिहार राज्य भवन निर्माण निगम को कमरों के रंग-रोगन, दरवाजे-खिड़कियों की मरम्मत और शौचालयों की आवश्यक मरम्मति सहित अन्य लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा कराने का निर्देश दिया गया।

इसके अलावा विद्यालय में कंप्यूटर कक्षा जल्द शुरू कराने, म्यूजिक से संबंधित आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने तथा खेलकूद के लिए पर्याप्त संसाधन एवं उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

छात्रों के स्वास्थ्य को लेकर जिला पदाधिकारी ने सिविल सर्जन को मेडिकल टीम भेजकर सभी आवासित छात्रों की स्वास्थ्य जांच कराने का निर्देश दिया। वहीं विद्यालय की नियमित निगरानी के लिए अंचलाधिकारी एवं थानाध्यक्ष को प्रत्येक 15 दिनों पर विद्यालय का निरीक्षण कर छात्रों से संवाद करने और उनकी समस्याओं का नियमानुसार समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने छात्रों से सीधे संवाद कर उनकी पढ़ाई, आवासन और सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने छात्रों को भरोसा दिलाया कि किसी भी समस्या की जानकारी तत्काल शिक्षकों को दें। जरूरत पड़ने पर उप विकास आयुक्त एवं अनुमंडल पदाधिकारी, डुमरांव को भी अपनी समस्या से अवगत करा सकते हैं।

डीएम ने शिक्षकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराने तथा अनधिकृत अनुपस्थिति या बिना अनुमति विद्यालय से बाहर रहने वाले शिक्षकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान डीडीसी, सहायक समाहर्ता, जिला कल्याण पदाधिकारी, विशेष कार्य पदाधिकारी, एसडीओ डुमरांव सहित संबंधित अधिकारी, अंचलाधिकारी एवं थानाध्यक्ष मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button