आल न्यूजबक्सरबिहार

दुर्गा पूजा को लेकर सिमरी थाने में शांति समिति की बैठक आयोजित

पंडालों पर पुलिस की नजर, चार स्थानों पर बैरिकेडिंग, गश्त बढ़ेगी

सिमरी/बक्सर। दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर सिमरी थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सिमरी प्रखंड क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों से पहुंचे जनप्रतिनिधियों, पूजा समिति के सदस्यों एवं स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया। इस दौरान पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण एवं विधि-व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में सिमरी अंचलाधिकारी भगवती शंकर पांडेय ने कहा कि जिला प्रशासन के निर्देश के अनुसार दुर्गा पूजा के दौरान सभी पूजा पंडालों के आसपास पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। इसके साथ ही प्रमुख चौक-चौराहों पर भी पुलिस जवानों की तैनाती रहेगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके।

उन्होंने कहा कि पूजा के दौरान संभावित भीड़ को देखते हुए क्षेत्र के चार चिन्हित स्थानों पर बैरिकेडिंग की जाएगी। भीड़ नियंत्रण के साथ यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। वहीं शराब के सेवन एवं नशे में हुड़दंग करने वालों पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी।

बैठक में थाना अध्यक्ष ने पूजा समितियों एवं स्थानीय लोगों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी पूजा पंडाल के आसपास शराबी, मनचले अथवा आपराधिक प्रवृत्ति के संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दें तो इसकी सूचना तत्काल स्थानीय थाना को दें। सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल कार्रवाई करेगी।

उन्होंने बताया कि दुर्गा पूजा के दौरान इलाके के प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती के साथ लगातार पेट्रोलिंग की जाएगी। पुलिस वाहन भी नियमित रूप से क्षेत्र में गश्त करता रहेगा। पूजा समितियों से भी प्रशासन एवं पुलिस का सहयोग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत देने की अपील की गई।

बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान शांति, सुरक्षा और भाईचारा बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। जनप्रतिनिधियों एवं पूजा समिति के सदस्यों ने भी शांतिपूर्ण आयोजन में प्रशासन का सहयोग करने का भरोसा दिलाया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button