मंत्री व जनप्रतिनिधियों ने लाभुकों से संवाद कर सुनी समस्याएं
सहयोग शिविर” के जरिए गांव-गांव पहुंचेगी सरकारी सेवाएं

बक्सर, मंगलवार। ग्रामीण क्षेत्रों में आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिले में “सहयोग शिविर” की शुरुआत की गई। मंगलवार को प्रभारी मंत्री सह डेयरी मत्स्य पालन एवं पशु संसाधन विभाग के मंत्री नन्द किशोर राम तथा जिला पदाधिकारी साहिला ने बक्सर प्रखंड के चुरामनपुर पंचायत, चौसा प्रखंड के रामपुर कला पंचायत एवं राजपुर प्रखंड के तियरा पंचायत में आयोजित शिविर का संयुक्त रूप से शुभारंभ किया।
इस दौरान मंत्री ने कहा कि बिहार सरकार के निर्देशानुसार जिले के सभी प्रखंडों की पंचायतों में प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को “सहयोग शिविर” लगाया जाएगा। इसका उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का पंचायत स्तर पर ही त्वरित एवं पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि अब लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए प्रखंड एवं जिला मुख्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा।
शिविर में राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, जन वितरण प्रणाली, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, पेंशन, आवास एवं भूमि विवाद से जुड़े मामलों का निष्पादन किया गया। मंत्री ने ग्रामीणों से “सहयोग पोर्टल” पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की अपील करते हुए कहा कि सभी शिकायतों का समाधान 30 दिनों के भीतर सुनिश्चित किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान लाभुकों के बीच स्वीकृति पत्र वितरित किए गए तथा जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की मौजूदगी में वृक्षारोपण भी किया गया।




