Uncategorized

वीर कुंवर सिंह चेकपोस्ट पर शराब की बड़ी खेप जब्त, चालक गिरफ्तार

हरियाणा से दरभंगा जा रही पिकअप से आठ लाख की शराब बरामद

बक्सर, मंगलवार। बिहार में शराबबंदी कानून को धता बताते हुए हरियाणा से दरभंगा ले जाई जा रही अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप को बक्सर में उत्पाद विभाग की संयुक्त कार्रवाई में वीर कुंवर सिंह चेकपोस्ट पर मंगलवार को जब्त कर लिया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने शराब लदे महिंद्रा पिकअप वाहन को कब्जे में लेते हुए चालक को गिरफ्तार कर लिया।

मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार की दोपहर लगभग तीन बजे वीर कुंवर सिंह चेकपोस्ट पर एक्साइज इंस्पेक्टर कुंदन कुमार के नेतृत्व में वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान उत्तर प्रदेश की दिशा से बक्सर की ओर आ रही महिंद्रा पिकअप संख्या HR 66 C/1231 को संदेह के आधार पर रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान वाहन से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद हुई।

जब्त शराब में 180 एमएल की 3570 पीस ब्लेंडर प्राइड व्हिस्की, 750 एमएल की मैजिक मूवमेंट वोडका की 12 बोतलें तथा 750 एमएल की बकार्डी रम की पांच बोतलें शामिल हैं। बताया जा रहा है कि बरामद शराब चंडीगढ़ निर्मित है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 8 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है।

गिरफ्तार चालक की पहचान प्रदीप कुमार, पिता किरोड़ीमल, निवासी उस्मापुर थाना महेंद्रगढ़, जिला महेंद्रगढ़, हरियाणा के रूप में हुई है। उसकी उम्र लगभग 35 वर्ष बताई जा रही है। पूछताछ में पुलिस शराब तस्करी के नेटवर्क और इसके गंतव्य को लेकर जानकारी जुटाने में लगी हुई है।

उत्पाद विभाग की इस कार्रवाई के बाद शराब तस्करों में हड़कंप मच गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बिहार में शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने के लिए सीमावर्ती इलाकों और चेकपोस्टों पर लगातार सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है तथा अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button