बक्सर

बक्सर: चिराग पासवान के काफिले की गाड़ी से पुलिसकर्मी को लगा धक्का

लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के काफिले की गाड़ी ने शुक्रवार को एक पुलिस जवान को धक्का मार दिया। घायल पुलिस जवान की पहचान श्रवण कुमार के रूप में हुई है। हालांकि, पुलिस को टक्कर मारने के बाद चिराग पासवान का काफिला रुका नहीं, आगे बढ़ गया।

घायल पुलिस जवान श्रवण खगड़िया के रहने वाले हैं। उनके पैर में चोट लगी है। घटना के तुरंत बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। चिराग पासवान शुक्रवार को बक्सर जिले के बनारपुर पहुंचे थे, यहां से लौटते समय यह हादसा हुआ।बनारपुर में चिराग पासवान ने किसानों की सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधा। उन्होंने समाधान यात्रा पर तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के पास हर समस्या का समाधान केवल लाठी है। इनकी सरकार किसान हों, शिक्षक हों, छात्र हों, सभी की समस्या का समाधान केवल लाठी चलाकर करती है। उन्होंने चौसा में निर्माणाधीन बक्सर पावर प्लांट से जुड़ी योजनाओं के लिए जमीन अधिग्रहण में धांधली का आरोप लगाया।

चिराग पासवान ने बनारपुर के पंचायत भवन पर आयोजित सभा में कहा कि किसानों पर जुल्म ढाने वाले अफसरों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। उन पर मुकदमा दर्ज होना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसानों पर दर्ज मुकदमे अविलंब वापस होने चाहिए। चिराग ने कहा कि मुख्यमंत्री को खुद यहां आना चाहिए और किसानों की बात सुनकर उनकी समस्या का निदान करना चाहिए।

चिराग ने कहा कि किसानों की जमीन उनके लिए मां के समान है। किसान अपनी जमीन पर आंच बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि किसानों के घर में घुसकर उनकी बहू बेटियों के साथ पुलिस ने जुल्म किया है। यह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्थानीय युवाओं और मजदूरों को पावर प्लांट में प्राथमिकता से नौकरी देने की मांग की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button