
सिमरी/बक्सर। सिमरी थाना क्षेत्र के मझवारी पासी टोला में मंगलवार की शाम अवैध शराब की सूचना पर छापेमारी करने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों के एक समूह ने हमला कर दिया। आरोप है कि पुलिसकर्मियों को घेरकर ईंट-पत्थर और लाठी-डंडे से मारपीट की गई। घटना में कई पुलिसकर्मी चोटिल हुए, जिनका प्राथमिक उपचार सिमरी स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया। पुलिस ने मौके से दो लोगों को पकड़ लिया, जबकि अन्य आरोपित भागने में सफल रहे।
पुलिस के अनुसार, 6 अक्टूबर की शाम करीब 6:45 बजे सूचना मिली थी कि मझवारी पासी टोला निवासी शत्रुधन पासी और किशान पासी अपने घर के समीप बगीचे में अवैध शराब की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। वहां कुछ लोग शराब का सेवन भी कर रहे थे। सूचना के सत्यापन के लिए पुलिस टीम चौकीदार के साथ करीब 7:15 बजे मौके पर पहुंची। पुलिस वाहन की रोशनी देखते ही वहां मौजूद लोग भागने लगे।
पुलिस ने पीछा कर दो व्यक्तियों को पकड़ लिया। इसी दौरान भागे हुए लोगों ने पुलिस टीम को घेर लिया और दोनों पकड़े गए व्यक्तियों को छुड़ाने का प्रयास करते हुए कथित तौर पर गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। किसी तरह पुलिसकर्मी दोनों आरोपितों को लेकर थाना पहुंचे।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपितों ने अपना नाम रवि कुमार निषाद, पिता लालजी चौधरी और दिलीप कुमार चौधरी, पिता राजेन्द्र चौधरी, दोनों निवासी पुराना भोजपुर, थाना नया भोजपुर बताया। पुलिस के मुताबिक, दोनों के मुंह से शराब की गंध आ रही थी। ब्रेथ एनालाइजर जांच में रवि कुमार निषाद में 181.0 एमजी/100 एमएल और दिलीप कुमार चौधरी में 193.0 एमजी/100 एमएल अल्कोहल की पुष्टि हुई।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में गिरफ्तार आरोपितों ने फरार लोगों के नाम विजेन्द्र चौधरी, दिनेश चौधरी, संजय श्रीवास्तव, शत्रुधन पासी और किशान पासी बताए। स्थानीय चौकीदार ने भी फरार आरोपितों की पहचान की पुष्टि की।
पुलिसकर्मी की शिकायत पर सभी सात आरोपितों के खिलाफ अवैध शराब की खरीद-बिक्री, शराब सेवन तथा पुलिस बल पर हमला करने के आरोप में सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।



