वोट चोरी के आरोपों पर गरजा इंडिया गठबंधन, मोदी-ज्ञानेश का फूंका पुतला


सिमरी/बक्सर। देश में कथित वोट चोरी, भ्रष्टाचार और लोकतांत्रिक व्यवस्था के साथ खिलवाड़ के आरोपों को लेकर बुधवार को सिमरी प्रखंड के अस्पताल मोड़ पर इंडिया गठबंधन के कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन कर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान “नरेंद्र मोदी मुर्दाबाद”, “ज्ञानेश कुमार मुर्दाबाद” और “अमित शाह मुर्दाबाद” के नारे गूंजते रहे।
पुतला दहन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केदार सिंह यादव ने केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि देश में कानून व्यवस्था के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है और लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि वोट चोरी जैसे गंभीर मुद्दे सामने आ रहे हैं, लेकिन केंद्र सरकार इस पर प्रभावी कार्रवाई करने के बजाय भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने में लगी हुई है।
केदार सिंह यादव ने कहा कि केंद्र सरकार और ज्ञानेश कुमार को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दे देना चाहिए। यदि ऐसा नहीं किया गया तो इंडिया गठबंधन के कार्यकर्ता देशभर में आंदोलन को और तेज करेंगे। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई केवल किसी एक दल की नहीं, बल्कि लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा की लड़ाई है।
वहीं युवा राजद नेता अंगद सिंह ने कहा कि जब तक देश की सत्ता में नरेंद्र मोदी और अमित शाह बने रहेंगे, तब तक देश का भविष्य सुरक्षित नहीं हो सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता को प्रभावित कर रही है। उन्होंने दोनों नेताओं से इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि जनता के अधिकारों से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं होने दिया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और आगामी दिनों में आंदोलन को व्यापक स्तर पर ले जाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में प्रखंड अध्यक्ष अमीरी लाल यादव, निर्मल कुमार सिंह, सुरेश प्रसाद, विदेशी यादव, बीडीसी निर्मल यादव, टुनटुन यादव मझवारी, मुहम्मद हसन अंसारी, अरविंद यादव, सुरेंद्र यादव, गांधी यादव, जनार्दन यादव नियाजीपुर, जवाहर चंद्रवंशी सहियार, भीम रवानी बलिहार, राजेंद्र यादव एकौना, संतोष यादव केशोपुर, ललन यादव गायघाट, मनीराम सिंह यादव सहित सैकड़ों इंडिया गठबंधन कार्यकर्ता मौजूद रहे।



