शांतिपूर्ण माहौल में धूमधाम से मनी बकरीद
मस्जिदों और चौक-चौराहों पर तैनात रहे मजिस्ट्रेट व पुलिस बल

सिमरी (बक्सर), गुरुवार।
बक्सर जिले के सिमरी प्रखंड क्षेत्र में गुरुवार को ईद उल अजहा (बकरीद) का पर्व हर्षोल्लास एवं आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया। पर्व को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्सवी माहौल बना रहा। सुबह से ही मस्जिदों में नमाज अदा करने के लिए मुस्लिम समुदाय के लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह आठ बजे विशेष नमाज अदा करने के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद दी तथा अमन-चैन और खुशहाली की दुआ मांगी।
पर्व को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। जिला प्रशासन के निर्देश पर सिमरी थाना क्षेत्र के सिमरी, बलिहार, बड़का राजपुर, नियाज़ीपुर, खरहाटार, महरौली, डुमरी, माझवारी सहित विभिन्न पंचायतों के मस्जिदों एवं प्रमुख चौक-चौराहों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती की गई थी। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन लगातार क्षेत्र में गश्त करता रहा।
सिमरी थाना अध्यक्ष ज्योति कुमारी स्वयं पुलिस बल के साथ क्षेत्र में पेट्रोलिंग करती नजर आईं। वहीं बाजारों एवं संवेदनशील स्थानों पर जवानों की विशेष निगरानी रही। प्रशासन की सक्रियता एवं लोगों के आपसी सहयोग से पूरे क्षेत्र में बकरीद का पर्व शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।




