सघन वाहन जांच अभियान में सैकड़ों चालकों पर जुर्माना कार्रवाई
डुमरांव और ब्रह्मपुर में रोको-टोको अभियान से बढ़ी सख्ती

बक्सर जिले में यातायात नियमों के पालन को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए सघन वाहन जांच अभियान चलाया। अनुमंडल पदाधिकारी डुमरांव से प्राप्त जानकारी के अनुसार विभिन्न स्थानों पर चलाए गए अभियान के दौरान कुल 279 वाहनों की जांच की गई, जिसमें नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों से 1,19,700 रुपये शमन राशि के रूप में वसूले गए।
इसके साथ ही ‘रोको-टोको’ अभियान के अंतर्गत नगर पंचायत ब्रह्मपुर में भी विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान कुल 225 वाहनों की जांच की गई, जिसमें बड़ी संख्या में वाहन चालक बिना वैध दस्तावेज, हेलमेट और सीट बेल्ट के पाए गए। नियमों की अनदेखी करने वालों पर कार्रवाई करते हुए प्रशासन ने 1,56,000 रुपये की शमन राशि अधिरोपित की।
अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चलाया जा रहा है, ताकि लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़े और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि आगे भी इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखें, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा सुरक्षित और जिम्मेदार ड्राइविंग अपनाएं।




