बक्सर में सघन वाहन जांच, 242 वाहनों से जुर्माना वसूला
वहन व यातायात पुलिस की कार्रवाई, नियम उल्लंघन पर कड़ी सख्ती

बक्सर, 21 अप्रैल। जिले में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने एवं सड़क सुरक्षा नियमों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। जिला परिवहन कार्यालय में पदस्थापित मोटरयान निरीक्षकों एवं प्रवर्तन अवर निरीक्षकों द्वारा चलाए गए इस अभियान के दौरान कुल 69 वाहनों से 1 लाख 96 हजार रुपये शमन राशि के रूप में वसूले गए।
अभियान के तहत मोटरयान निरीक्षक संदीप कुमार ने 9 वाहनों से 35,500 रुपये, रितिका राज ने 27 वाहनों से 63,500 रुपये वसूले। वहीं प्रवर्तन अवर निरीक्षक शालिनी कुमारी ने 13 वाहनों से 35,500 रुपये, नेहा कुमारी ने 11 वाहनों से 26,500 रुपये तथा सत्यवंती कुमारी ने 9 वाहनों से 35,000 रुपये शमन राशि अधिरोपित की।
इसी क्रम में अनुमंडल बक्सर में यातायात पुलिस द्वारा भी सख्त कार्रवाई की गई। पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) से प्राप्त जानकारी के अनुसार 173 वाहनों की जांच कर 2 लाख 56 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
इस प्रकार पूरे जिले में कुल 242 वाहनों से 4 लाख 52 हजार रुपये की शमन राशि अधिरोपित की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों के उल्लंघन पर आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे हेलमेट, सीट बेल्ट समेत सभी सुरक्षा मानकों का पालन करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।<
/strong>




