Uncategorized

चौसा में एनएच मुआवजा विवाद सुलझाने को आर्बिट्रेशन कैंप आयोजित

कैंप में पहुंचे कई विभाग के अधिकारी ,, रैयतदारों ने बारी बारी से सुनाई अपनी-अपनी समस्या

बक्सर, 22 अप्रैल। जिले के चौसा प्रखंड कार्यालय परिसर में बुधवार को एनएच-319ए से प्रभावित रैयतों की समस्याओं के समाधान को लेकर आर्बिट्रेशन कैंप का आयोजन किया गया। कैंप की अध्यक्षता पटना आयुक्त ने की, जिसमें बड़ी संख्या में रैयतों ने भाग लेकर अपनी-अपनी समस्याएं रखीं।
बैठक के दौरान रैयतों ने मुख्य रूप से भूमि के वर्गीकरण में बदलाव तथा मुआवजा राशि में बढ़ोतरी की मांग उठाई। प्रभावित लोगों का कहना था कि वर्तमान वर्गीकरण के आधार पर निर्धारित मुआवजा वास्तविक कीमत के अनुरूप नहीं है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। अधिकारियों ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी बक्सर, अपर समाहर्ता, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर सदर सहित कई अन्य प्रशासनिक पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कैंप में लगभग 50 रैयतों ने आवेदन जमा कर अपनी समस्याएं दर्ज कराईं।
आयुक्त ने निर्देश दिया कि अगले एक सप्ताह तक लगातार कैंप आयोजित कर सभी प्रभावित रैयतों से आवेदन प्राप्त किए जाएं, ताकि समस्याओं का त्वरित एवं पारदर्शी समाधान सुनिश्चित किया जा सके। साथ ही उन्होंने कहा कि अंचल कार्यालय चौसा एवं बक्सर में भी कैंप लगाकर अधिक से अधिक लोगों को लाभ पहुंचाया जाए।
प्रशासन के इस पहल से रैयतों में उम्मीद जगी है कि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान होगा और उचित मुआवजा मिल सकेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button