Uncategorized

सिमरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चोरी की छह मोटरसाइकिल बरामद

मुख्य आरोपी फरार, कई राज्यों से जुड़े वाहनों का खुलासा

बक्सर जिले के सिमरी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी की छह मोटरसाइकिल बरामद कर अपराधियों के नेटवर्क पर करारा प्रहार किया है। इस मामले में मुख्य आरोपी अमित कुमार यादव, निवासी ग्राम एकौना, पुलिस की कार्रवाई के दौरान फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
थानाध्यक्ष ज्योति कुमारी ने जानकारी देते हुए बताया कि 16 अप्रैल 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि अमित कुमार यादव के घर पर संदिग्ध मोटरसाइकिलें रखी गई हैं। सूचना के सत्यापन के लिए पुलिस टीम ने जब उसके घर पर छापेमारी की, तो वहां से दो मोटरसाइकिल—एक TVS XL 100 और एक हीरो स्प्लेंडर—बरामद की गईं। हालांकि, आरोपी मौके से भागने में सफल रहा।
इसके बाद 18 अप्रैल 2026 को पुनः गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने एक बार फिर छापेमारी की। इस दौरान आरोपी के घर के पास छिपाकर रखी गई चार और मोटरसाइकिलें बरामद की गईं, जिनमें TVS रेडियन, हीरो होंडा CD डीलक्स और दो बजाज डिस्कवर बाइक शामिल हैं। इनमें से कई वाहनों पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी, जिससे इनके चोरी के होने की आशंका और मजबूत हो गई।
पुलिस ने सभी बरामद वाहनों को जब्त कर थाना लाकर सनहा दर्ज किया और जांच के लिए जिला परिवहन कार्यालय, बक्सर से सत्यापन कराया। 23 अप्रैल को प्राप्त रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि बरामद मोटरसाइकिलें विभिन्न जिलों और राज्यों जैसे बलिया (उत्तर प्रदेश), रोहतास (बिहार) और कर्नाटक से संबंधित हैं।
जांच के दौरान एक मोटरसाइकिल के इंजन नंबर में हेरफेर (कूट रचना) की बात भी सामने आई है, जो संगठित वाहन चोरी गिरोह की ओर इशारा करता है। पुलिस का मानना है कि आरोपी चोरी की गाड़ियों को छिपाकर बेचने की तैयारी में था।
फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है और पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाओं पर लगाम लगने की उम्मीद जताई जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button