भीषण गर्मी के कारण आठवीं तक के स्कूलों पर रोक
31 मई तक बंद रहेंगी कक्षाएं, 11 बजे तक होगी पढ़ाई

बक्सर, मंगलवार। जिले में लगातार बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर बड़ा फैसला लिया है। जिला दण्डाधिकारी श्रीमती साहिला के निर्देश पर बक्सर जिले के सभी निजी एवं सरकारी विद्यालयों में वर्ग 01 से 08 तक की शैक्षणिक गतिविधियों पर 31 मई 2026 तक पूर्णतः प्रतिबंध लगा दिया गया है। यह आदेश प्री-स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्रों एवं कोचिंग संस्थानों पर भी लागू होगा।
जिला जन संपर्क कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान में और अधिक वृद्धि की संभावना जताई है। दोपहर के समय पड़ रही भीषण गर्मी और लू बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन यह कदम उठाया है।
पूर्व में जिला विधि शाखा के ज्ञापांक 264/न्या० दिनांक 16 मई 2026 के तहत सभी विद्यालयों में पूर्वाह्न 11:30 बजे के बाद आठवीं कक्षा तक की शैक्षणिक गतिविधियों पर रोक लगाई गई थी। लेकिन मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए अब इसे और सख्ती से लागू करते हुए वर्ग 01 से 08 तक की कक्षाओं को पूरी तरह बंद करने का निर्णय लिया गया है।
हालांकि, वर्ग 08 से ऊपर की कक्षाओं के लिए विद्यालयों का संचालन पूर्वाह्न 11:00 बजे तक जारी रहेगा। प्रशासन ने सभी विद्यालय प्रबंधन को आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
जिला प्रशासन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे बच्चों को तेज धूप और लू से बचाएं तथा आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने दें। साथ ही पर्याप्त पानी पीने और सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
उक्त आदेश 19 मई 2026 से प्रभावी हो गया है और 31 मई 2026 तक लागू रहेगा। जिला प्रशासन के इस निर्णय को बच्चों के स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।




