महिला नेतृत्व में स्वच्छता जागरूकता, सुरक्षित पेयजल पर कार्यशाला आयोजित
सिमरी प्रखंड सभागार में विभिन्न विभागों के अधिकारियों व मुखियाओं ने लिया हिस्सा

सिमरी (बक्सर), बुधवार। सिमरी प्रखंड सभागार में बुधवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) की अध्यक्षता में वाटरएड इंडिया बक्सर संस्था द्वारा “महिला नेतृत्व के साथ सुरक्षित पेयजल, स्वच्छता एवं साफ-सफाई परियोजना” अंतर्गत एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन बीडीओ एवं विभिन्न विभागों से पहुंचे अधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यशाला में वाटरएड इंडिया बक्सर के राज्य कार्यक्रम निदेशक संजय कुमार सिन्हा ने संस्था द्वारा संचालित योजनाओं एवं गतिविधियों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने नल-जल योजना, स्वच्छता अभियान तथा बीते वर्षों में संस्था द्वारा किए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि आने वाले समय में ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षित पेयजल, स्वच्छ शौचालय एवं साफ-सफाई की आदतों को बढ़ावा देने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी योजना नहीं, बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा सामाजिक अभियान है। कार्यक्रम में बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, पीएचईडी के कनीय अभियंता, मनरेगा कार्यक्रम पदाधिकारी एवं लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यशाला में दुल्लाहपुर, सिमरी, केशोपुर, राजपुर कलां, सहियार, राजापुर, मझवारी समेत 12 पंचायतों के मुखिया एवं प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन जिला समन्वयक मणिशंकर, रूबी देवी, कंचन देवी, अजय कुमार, सूरज कुमार एवं भरत कुमार ने संयुक्त रूप से किया।




