दस सूत्री मांगों पर युवा राजद का धरना, पैदल मार्च
रोजगार, शिक्षा, सुरक्षा सहित जनहित मुद्दों पर सरकार को घेरा आज

बक्सर। युवा राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की ओर से सोमवार को ज्योति चौक पर दस सूत्री मांगों के समर्थन में एक दिवसीय शांतिपूर्ण धरना एवं पैदल मार्च का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता युवा राजद के जिलाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार आजाद ने की, जबकि मुख्य विंग के जिलाध्यक्ष शेषनाथ सिंह की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन मनाजी यादव ने किया।
धरने के दौरान युवाओं ने रोजगार और स्थायी नौकरी, पेपर लीक पर रोक, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया, शिक्षा व्यवस्था में सुधार, छात्रावास की व्यवस्था, बढ़ते अपराध और भ्रष्टाचार पर नियंत्रण, महंगाई पर रोक, पलायन की समस्या के स्थायी समाधान, छात्र-युवाओं के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा, स्वास्थ्य, खेल एवं तकनीकी शिक्षा के विस्तार, किसान-मजदूरों के अधिकारों की गारंटी तथा भ्रष्टाचार मुक्त बिहार की मांग उठाई।
सभा को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार आजाद ने आरोप लगाया कि छात्र, युवा, किसान, मजदूर और आम नागरिक विभिन्न समस्याओं से जूझ रहे हैं तथा रोजगार, महंगाई और सुरक्षा जैसे मुद्दों पर केंद्र एवं राज्य सरकार अपेक्षित कार्य करने में विफल रही है। वहीं जिलाध्यक्ष शेषनाथ सिंह ने भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक और प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर सरकार की आलोचना की। झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष संतोष भारती ने भी विभिन्न घटनाओं का उल्लेख करते हुए सरकार पर निशाना साधा।
कार्यक्रम में प्रदेश महासचिव निर्मल कुशवाहा, संतोष भारती, पूर्व प्रदेश महासचिव अखिलेश यादव, किसान प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष बबलू यादव, इफ्तखार अहमद, पूजा कुमारी, सुधीर गुप्ता, मनोज ठाकुर, रामशंकर कुशवाहा, ओमप्रकाश, माली भारत राय, जवाहर पासवान, आजाद खान, राजेश यादव, ददन पासवान, राजू पासवान, गुड्डू राज, राजीव कुमार सिंह, रामेश्वर सिंह, इंदल सिंह मुखिया, राजा खान सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।




