गंगा के बढ़ते जलस्तर से दियारा में संकट, 200 परिवारों को राहत
सीओ ने पशु चारा और पॉलिथीन शीट बांटी, स्वास्थ्य शिविर व एंबुलेंस की व्यवस्था; ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील

सिमरी, बक्सर। सिमरी अंचल क्षेत्र के दियारा इलाके में पिछले कई दिनों से लगातार बढ़ रहे गंगा के जलस्तर को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। राजापुर पंचायत के बेनीलाल के डेरा, रामदास राय के डेरा तथा गंगौली पंचायत के श्रीकांत राय के डेरा सहित आसपास के बाढ़ प्रभावित इलाकों में प्रशासन की ओर से राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिया गया है।
शनिवार को अंचलाधिकारी भगवती शंकर पांडे ने राजापुर पंचायत के पूर्व मुखिया अंगद सिंह यादव, गंगौली पंचायत के मुखिया रामजस गोंड सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में करीब 200 बाढ़ पीड़ित परिवारों एवं किसानों के बीच पशुओं के लिए चारा और पॉलिथीन शीट का वितरण किया। राहत सामग्री मिलने के बाद बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों ने प्रशासन के प्रति आभार जताया।
इस दौरान अंचलाधिकारी भगवती शंकर पांडे ने कहा कि बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। प्रशासनिक अधिकारी एवं कर्मी प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर तत्काल प्रशासन से संपर्क करें, ताकि समय रहते आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
सीओ ने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लोगों की स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बेनीलाल के डेरा, लाल सिंह के डेरा, राजापुर सहित अन्य स्थानों पर स्वास्थ्य शिविर लगाए गए हैं। वहीं गंगौली और राजापुर के बीच एक एंबुलेंस भी तैनात रहेगी, ताकि किसी आपात स्थिति में मरीजों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
अंचलाधिकारी ने गंगा के तेज बहाव को देखते हुए ग्रामीणों, विशेषकर अभिभावकों से बच्चों की सुरक्षा को लेकर विशेष सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि नदी में पानी का बहाव काफी तेज है, ऐसे में लोग स्वयं भी नदी में स्नान करने से बचें और अपने बच्चों को भी नदी के किनारे जाने या स्नान करने से रोकें। प्रशासन की ओर से बाढ़ प्रभावित इलाकों में लगातार स्थिति पर नजर रखी जा रही है।



