खेलकूदबक्सरबिहार

जिला विद्यालय खेल प्रतियोगिता का भव्य समापन, खिलाड़ियों को मिला सम्मान

बक्सर के एमपी उच्च विद्यालय मे हुआ खेल प्रतियोगिता

बक्सर। खेल विभाग, बिहार सरकार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण पटना एवं जिला प्रशासन बक्सर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता-2026 का गुरुवार को एमपी उच्च विद्यालय, बक्सर के खेल मैदान में सफलतापूर्वक समापन हुआ। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन किया।

समापन समारोह में विभिन्न खेल विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को वरीय उप समाहर्ता-सह-उपाधीक्षक, शारीरिक शिक्षा, बक्सर आलोक नारायण वत्स ने पारितोषिक, मेडल एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर पदक प्राप्त खिलाड़ियों के हाथों भी विजेता खिलाड़ियों को मेडल एवं ट्रॉफी प्रदान कराई गई।

इस अवसर पर आलोक नारायण वत्स ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल में जीत और हार से अधिक महत्वपूर्ण अनुशासन, निरंतर अभ्यास, खेल भावना और बेहतर प्रदर्शन के लिए लगातार प्रयास करना है। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करते हुए जिले एवं राज्य का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न खेल विधाओं में खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। मैदान पर खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन ने दर्शकों का भी उत्साह बढ़ाया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यालय स्तर से ही प्रतिभावान खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें आगे बढ़ने के लिए बेहतर मंच और अवसर उपलब्ध कराना है।

जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता-2026 में खिलाड़ियों ने कुल 58 स्वर्ण, 56 रजत एवं 54 कांस्य पदक हासिल किए। प्रतियोगिता के समापन के साथ खिलाड़ियों में आगे राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने का उत्साह भी देखने को मिला।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button