गंगा किनारे खेलती जिंदगी बनी मौत का शिकार, दो बच्चों की डूबने से दर्दनाक मौत, पीड़ित परिवार से मिले ब्रह्मपुर विधायक
गंगा में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत, गांव में पसरा मातम

सिमरी/बक्सर। सिमरी प्रखंड के नियाजिपुर पंचायत अंतर्गत नियाजिपुर टेकमन यादव के डेरा गांव में शुक्रवार को गंगा नदी में डूबने से दो बच्चों की मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है, जबकि मृतक बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के अनुसार, नियाजिपुर टेकमन यादव के डेरा निवासी घरभरन यादव की 10 वर्षीय पुत्री तथा किशुन बिहारी यादव के 9 वर्षीय पुत्र भैंस चराने के दौरान गंगा नदी के समीप पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने बच्चों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन दोनों को बचाया नहीं जा सका। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
घटना की जानकारी मिलने पर ब्रह्मपुर विधायक शंभूनाथ सिंह यादव ने शोकाकुल परिवार के घर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की और इस दुख की घड़ी में उन्हें ढांढस बंधाया। विधायक ने मृत बच्चों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि यह घटना अत्यंत हृदयविदारक और पीड़ादायक है। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में वे शोकाकुल परिवार के साथ खड़े हैं।
विधायक का बयान
ब्रह्मपुर विधायक शंभूनाथ सिंह यादव ने कहा, “इस दुखद घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएं आपके और आपके परिवार के साथ हैं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवार को यह अपार दुख सहने की शक्ति दें।”
दो मासूम बच्चों की एक साथ हुई मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से गंगा किनारे सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।



