आल न्यूजबक्सरबिहार

दो मासूमों की मौत पर छलका दर्द, पीड़ित परिवार से मिले अजीत कुशवाहा

पीड़ित परिवार के साथ खड़े दिखे पूर्व विधायक, प्रशासन से की पहल

सिमरी/बक्सर। सिमरी अंचल क्षेत्र के नियाजिपुर पंचायत अंतर्गत टेकमन यादव के डेरा गांव में गंगा नदी में डूबने से दो बच्चों की मौत के बाद शनिवार को डुमरांव विधानसभा के माले के पूर्व विधायक डॉ. अजीत कुशवाहा पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त की और उन्हें ढांढस बंढाया।

मृतकों में घरभरन यादव की करीब 10 वर्षीय पुत्री काजल कुमारी तथा किशुन बिहारी यादव के करीब 10 वर्षीय पुत्र अंकुश यादव शामिल हैं। दोनों बच्चों की मौत गंगा नदी में डूबने से हुई थी। घटना के बाद से दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है।

पूर्व विधायक डॉ. अजीत कुशवाहा ने पीड़ित परिजनों से घटना की जानकारी ली और उन्हें भरोसा दिलाया कि दुख की इस घड़ी में वे परिवार के साथ खड़े हैं। उन्होंने मौके से ही सिमरी अंचल अधिकारी से दूरभाष पर बातचीत की तथा डूबने की घटना के बाद सरकार की ओर से मिलने वाली निर्धारित अनुग्रह राशि पीड़ित परिवारों को जल्द से जल्द उपलब्ध कराने की मांग की।

उन्होंने कहा कि आपदा की इस घड़ी में सरकारी सहायता पीड़ित परिवारों तक बिना अनावश्यक देरी के पहुंचनी चाहिए। उन्होंने प्रशासन से आवश्यक प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर पीड़ित परिवारों को राहत उपलब्ध कराने का आग्रह किया।

पूर्व विधायक डॉ. अजीत कुशवाहा ने कहा,

 “दो मासूम बच्चों की मौत बेहद पीड़ादायक घटना है। इस दुख की घड़ी में हम पीड़ित परिवार के साथ हैं। प्रशासन से बात कर सरकारी अनुदान जल्द दिलाने का आग्रह किया गया है। परिवार को जब भी हमारी जरूरत होगी, हम हर संभव सहयोग के लिए उनके साथ खड़े रहेंगे।”

पूर्व विधायक के पहुंचने पर ग्रामीणों ने भी घटना को लेकर अपनी चिंता व्यक्त की और पीड़ित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button