
बक्सर। खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच और प्रशिक्षण का अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रविवार को एम.पी. उच्च विद्यालय, बक्सर के खो-खो मैदान में एकलव्य राज्य प्रशिक्षण केन्द्र एवं खेलो इंडिया स्मॉल सेंटर के दल के गठन हेतु खो-खो चयन ट्रायल प्रतियोगिता-2026 का आयोजन किया गया। खेल विभाग, पटना, बिहार सरकार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण एवं जिला प्रशासन, बक्सर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस चयन ट्रायल में खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता में खेलो इंडिया स्मॉल सेंटर, बेगूसराय के 30 तथा खेलो इंडिया स्मॉल सेंटर, बक्सर के 30, कुल 60 बालक-बालिकाओं ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। चयन ट्रायल का उद्घाटन प्रभारी खेल पदाधिकारी-सह-वरीय उप समाहर्ता, बक्सर रवि बहादुर ने किया। उन्होंने मैदान में मौजूद खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साह बढ़ाया और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया।
चयन प्रक्रिया के दौरान खिलाड़ियों ने खो-खो खेल में अपनी गति, चपलता, कौशल, शारीरिक दक्षता और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया। मैदान पर खिलाड़ियों के बीच बेहतर प्रदर्शन करने की होड़ देखने को मिली। चयन ट्रायल में खिलाड़ियों के प्रदर्शन का आकलन कर एकलव्य राज्य प्रशिक्षण केन्द्र एवं खेलो इंडिया स्मॉल सेंटर के दल के लिए योग्य और प्रतिभावान खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा।
इस अवसर पर जिला प्रशासन की ओर से कहा गया कि जिले में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत है कि उन्हें उचित प्रशिक्षण, संसाधन और प्रतिस्पर्धा के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराया जाए। इसी उद्देश्य से प्रशासन द्वारा विभिन्न खेलों में प्रतिभावान खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
प्रशासन का प्रयास है कि बक्सर के उभरते खिलाड़ी
राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में जिले का नाम रोशन करें। चयन ट्रायल जैसे आयोजनों से ग्रामीण एवं स्थानीय स्तर पर छिपी खेल प्रतिभाओं को पहचान मिलने के साथ उन्हें आगे बढ़ने का अवसर भी प्राप्त होगा।



